देश के प्रसिद्ध गुरुद्वारों में शुमार महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब गुरुद्वारे ने कोरोना काल में जनता की मुसीबतों को देखते हुए यह फैसला किया है कि बीते 50 सालों में यहां जितना भी सोना दान में मिला है, उससे अस्पताल बनाया जाएगा।
नांदेड़ साहिब गुरुद्वारे को तख्त श्री हजूर साहिब भी कहा जाता है। गुरुद्वारे के जत्थेदार बाबा कुलवंत सिंह के अनुसार अभी नांदेड़ के लोगों को इलाज कराने के लिए हैदराबाद और मुंबई जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता है। यदि नांदेड़ में अच्छा हॉस्पिटल बन गया तो लोगों को बड़ी सुविधा होगी।
गुरुद्वारे की तरफ से कहा गया है कि यहां पिछले 50 साल से जमा हुए सारे सोने को दान कर देंगे। इससे मिलने वाले पैसों से हॉस्पिटल बनाए जाएंगे। गुरुद्वारे की ओर से हुए इस एलान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें गुरुद्वारे में एकत्र हुए सोने का जनकल्याण के कार्य में लगाने की बात कही गई है।
अस्पतालों में बेड की हुई थी मारामारी
ज्ञात हो कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान बीते दिनों देशभर के अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन की भारी किल्लत हुई थी। दवाओं की कालाबाजारी भी हो रही है। ऐसे में गुरुद्वारा नांदेड साहिब के लोगों ने कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर का ही लंगर ही लगा दिया। लगातार मुफ्त में दवा और खाने के इंतजाम किए जा रहे हैं।