आंध्र प्रदेश में रहस्यमयी बीमारी, 500 से ज्यादा लोग बीमार
- फोटो : ANI
आंध्र प्रदेश में कोरोना से अब तक तीन लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, इसी बीच राज्य में एक और रहस्यमयी बीमारी लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। इस रहस्यमयी बीमारी से अब तक 500 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
आंध्र प्रदेश के एलुरु में इस बीमारी से हाहाकार मच गया है। इस बीमारी से एक मरीज की मौत होने की भी खबर है। इन मरीजों की मेडिकल रिपोर्ट में पाया गया है कि जो लोग इस बीमारी की चपेट में आए हैं, उऩके खून की जांच में लेड और निकल पाए गए हैं।
इस बीमारी से अब तक 510 से भी ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इसका इलाज करने पर 430 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ए के कृष्णा श्रीनिवास ने लोगों से इस स्थिति में ना घबराने की अपील की है।
उन्होंने आगे कहा कि इस बीमारी से पीड़ित रोगियों की संख्या में कमी आ रही है, आज 40 से कम मरीज सामने आए हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम इस बीमारी के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। अभी तक एम्स दिल्ली की एक टीम ने प्रारंभिक रिपोर्ट में कुछ ब्लड सैंपल में लेड और निकल पाए हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय पोषण संस्थान हैदराबाद के एक वैज्ञानिक का कहना है कि ब्लड सैंपल में सीसा और निकल जैसी भारी धातुओं की मौजूदगी न्यूरोलॉजिकल दिक्कत की ओर से इशारा करती है। संस्थान का कहना है कि इसके निवारण के लिए कोशिश की जा रही है।