केरल के कोच्चि में झारखंड के एक वरिष्ठ सीमा शुल्क अधिकारी, उनकी मां और बहन की रहस्यमयी मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अधिकारी और उनकी बहन का शव फंदे पर लटका मिला। जबकि मां का शव एक अन्य कमरे में मिला है। पुलिस ने तीनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस ने मामला आत्महत्या का बताया है। हालांकि पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
जेपीएससी टॉपर थीं शालिनी विजय
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान कोच्चि में केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क विभाग में अतिरिक्त आयुक्त और आईआरएस अधिकारी मनीष विजय (43), उनकी बहन शालिनी विजय और मां शकुंतला अग्रवाल के रूप में हुई है। रांची के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शालिनी विजय झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पहले बैच की टॉपर थीं। उनकी आखिरी पोस्टिंग गढ़वा में जिला समाज कल्याण अधिकारी के रूप में हुई थी।
कुछ दिनों से छुट्टी पर था अधिकारी
पुलिस के अनुसार, मनीष विजय कोच्चि के कक्कनाडु में केंद्रीय उत्पाद शुल्क क्वार्टर में पिछले डेढ़ साल से परिवार के साथ रह रहे थे। वह कुछ दिनों से छुट्टी पर थे। जब वह काम पर नहीं लौटे, तो सहकर्मी बृहस्पतिवार रात उनके घर पहुंचे।
मां शकुतंला के शव पर छिड़के मिले फूल
दुर्गंध आने पर उन्होंने खुली खुली खिड़की से देखा तो एक शव फंदे पर लटका दिखा। जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर में घुसकर जांच की तो दूसरे कमरे में मनीष की बहन शालिनी का फंदे पर लटका मिला। बाद में तलाशी में मां शकुंतला का शव दूसरे कमरे में बिस्तर पर मिला। उनके शरीर को सफेद कपड़े में लपेटा गया था, जिस पर फूल छिड़के गए थे।
14 फरवरी को मनीष ने खरीदे थे फूल
पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मनीष ने 14 फरवरी को फूल खरीदे थे। पुलिस को मनीष की डायरी में 15 फरवरी का एक नोट भी मिला है, जिसमें लिखा गया है कि कुछ दस्तावेज उसकी छोटी बहन को सौंप दिए जाएं, जो इस समय दुबई में है। पुलिस ने कहा कि मनीष की छोटी बहन के आज कोच्चि पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद पोस्टमॉर्मट किया जाएगा।
मां की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का सही कारण
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मनीष और शालिनी ने आत्महत्या की है। हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अधिकारी की मां की मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चल पाएगा। अधिकारी ने कहा, 'अगर मां की मौत स्वाभाविक पाई गई तो भाई-बहन की मौत दुख के कारण हो सकती है। अभी हमारा ध्यान पोस्टमॉर्टम के जरिये मौत के कारण की पुष्टि करने पर है।'
शालिनी को हाल ही में मिला था अदालती समन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनीष की बहन शालिनी को हाल ही में एक अदालती समन मिला था, जिसमें उन्हें सीबीआई द्वारा जांचे गए एक मामले के संबंध में 15 फरवरी को झारखंड की एक अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि वह झारखंड सरकार की सेवा में उनकी नियुक्ति में अनियमितताओं से संबंधित मामले में आरोपी थीं।
पड़ोसियों से बहुत कम बातचीत करता था मनीष का परिवार
पुलिस अधिकारी ने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हालांकि उन्होंने अभी तक मौतों और शालिनी के मामले के बीच कोई सीधा संबंध नहीं बताया है। पुलिस का कहना है कि मनीष का परिवार अपने आप में रिजर्व था, वह पड़ोसियों से बहुत कम बातचीत करता था।