यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें ऐसा लगता है कि उन्हें राजनीति का शिकार बनाया जा रहा है ,ब्रजेश ने कहा कि वे कांग्रेस में जाने की सोच रहे थे और मुजफ्फरपुर से चुनाव लड़ने के लिए दिल्ली के स्तर पर सब कुछ लगभग तय था संभवत: इसी कारण यह सब हो रहा है ।
यह पूछे जाने पर कि यह कौन कर रहा है ब्रजेश ने पुलिस केस डायरी का हवाला देते हुए कहा कि बालिका गृह की एक भी लड़की ने उनके खिलाफ बयान नहीं दिया है। ब्रजेश ठाकुर से बालिका गृह की बच्चियों के अपने बयान में हंटर वाले अंकल उन्हें बताए जाने के बारे में पूछे जाने पर ब्रजेश ने इससे इंकार करते हुए कहा कि उन्हीं के हमनाम :ब्रजेश: एक न्यायधीश वहां आते थे ।
ब्रजेश नाम होने के कारण मुझे मुहरा बनाया जा रहा है । मैं कभी भी इस मामले में सीधे तौर पर आरोपी नहीं हूं । ब्रजेश से जब उनके अखबार का सर्कुलेशन अधिक दिखाकर लाखों रूपये का सरकारी विज्ञापन हासिल कर लेने के आरोप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सभी अखबार अपना अपना सर्कुलेशन बढ़ा—चढ़ाकर पेश करते हैं । मेरा छोटा अखबार है और हम उसका प्रकाशन अच्छे ढंग से करते हैं ।
ब्रजेश के कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की मंशा जताए के बारे में पूछे जाने पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष काकब कादरी ने कहा कि यह हास्यापद है । ब्रजेश के संबंध जदयू और भाजपा के साथ उजागर हो रहे हैं । उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किस नेता ने उन्हें टिकट दिलवाने का वादा किया उसका वे नाम उजागर करें ।
कादरी ने जदयू पर ब्रजेश पर दबाव देकर उनकी पार्टी की छवि को धूमिल करने के लिए ऐसा बयान दिलवाने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा के पति से बातचीत के उनके काल डिटेल्स मिले हैं जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि ब्रजेश के जदयू के साथ घनिष्ठ संबंध थे ।