मुंबई के हज हाऊस में हज 2020 को लेकर आयोजित ट्रेनिंग कैम्प को संबोधित करने के बाद नकवी ने पत्रकारों को बताया कि पानी के जहाज से हज यात्रा शुरू करने के लिए वैश्विक निविदा जारी की गई है। सिंगापुर और दुबई सहित दुनिया की कई कंपनियों के क्रूज टेंडर आ रहे हैं। लेकिन इन कंपनियों के किराया बहुत ज्यादा है। हम क्रूज का किराया विमान से 30 से 40 फीसदी कम चाहते हैं। इसके मद्देनजर इस साल पानी के जहाज से यात्रा शुरू नहीं की जा सकी। नकवी ने कहा कि हम पानी के जहाज से हज की सुविधा देने के लिए तैयार हैं।
2100 महिलाएं बिना मेहरम के जाएंगी हज
इस साल 2100 महिलाएं बिना मेहरम (पुरूष रिश्तेदार) के हज पर जाएंगी। उन्होंने कहा कि 2 लाख में से 1 लाख 23हजार लोग हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से और बाकी लोग अन्य हज समूह आयोजकों की ओर से हज पर जाएंगे। नकवी ने कहा कि इस साल हज यात्रियों के लिए इज ऑफ डूइंग हज परिकल्पना के तहत शत प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत ऑन लाईन आवेदन ई बीजा, हज पोर्टल, हज मोबाइल एप्प, ई मसीह स्वास्थ्य सुविधा और मक्का मदीना में ठहरने के लिए भवन समेत सभी सुविधाएं ऑनलाइन मिल सकेगी। हज यात्रा के लिए इस साल 650 प्रशिक्षक जाएंगे।