आर्थिक आधार पर 10 फीसदी आरक्षण के दायरे में महज सवर्ण हिंदू ही नहीं आएंगे, बल्कि इसका लाभ ईसाई और सामान्य वर्ग के मुसलमानों को भी मिलेगा। सामाजिक न्याय राज्य मंत्री विजय सांपला ने सोमवार को कहा कि लंबे अरसे से आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग की जा रही थी, जिसके बाद सरकार ने यह फैसला किया है।
एससी-एसटी एक्ट को पुराने स्वरूप में लाने के लिए सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधन से अगड़ी जातियां नाराज हैं। इस नाराजगी से भाजपा को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हार झेलनी पड़ी। पार्टी की आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक इन राज्यों में जहां सवर्णों के पास विकल्प थे, वहां इस वर्ग ने भाजपा के खिलाफ वोट दिया और जहां नहीं था, वहां नोटा का इस्तेमाल किया। गौरतलब है कि तीन राज्यों में करीब 12 लाख वोट नोटा में पड़े। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि ये वोट भाजपा से नाराज सवर्णों के थे।