फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंगाल: स्कूल वैन-ट्रेन टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई, घायलों में दो की हालत गंभीर; मुआवजे का एलान

Fri, 17 Jul 2026 08:38 PM IST
अमन तिवारी अमर उजाला ब्यूरो

सार

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मानवरहित रेलवे फाटक पर स्कूल वैन और ट्रेन की टक्कर में चार स्कूली बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हैं। रेल मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के लिए दस-दस लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
विज्ञापन
दुर्घटना - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक मानवरहित रेलवे फाटक पर स्कूल वैन और ट्रेन की टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़ कर पांच हो गई है। मृतकों में चार स्कूली बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। यह हादसा मुर्शिदाबाद जिले में कर्णसुबर्ण और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित लेवल क्रॉसिंग पर हुआ। पुलिस के अनुसार, तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान दो अन्य बच्चों ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


घटना पर सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को राहत एवं उपचार कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और अगर किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

हुआ मुआवजे का एलान
राज्य के मंत्री गौरीशंकर घोष ने मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। वहीं स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय पूरे मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। रेल मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5-2.5 लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायलों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार ने भी पीड़ित परिवारों को सहायता देने का आश्वासन दिया है, हालांकि मुआवजे की राशि की औपचारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
विज्ञापन


उधर, हादसे की सूचना मिलने पर बहरामपुर के पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी भी घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की। उस समय बड़ी संख्या में लोग रेल लाइन पर प्रदर्शन कर रहे थे। अधीर ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया और घटनास्थल से ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से फोन पर बात कर मामले की जानकारी दी। अधीर ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री से त्वरित कार्रवाई, उच्चस्तरीय जांच और प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने का अनुरोध किया है। उनके अनुसार, रेल मंत्री ने पूरे मामले की जांच कराने और आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया है।

हादसे की बड़ी बातें
  • मुर्शिदाबाद के कर्णसुबर्ण-गोविंदपुर के बीच लेवल क्रॉसिंग पर हुआ हादसा
  • स्कूल वैन और ट्रेन की टक्कर में पांच लोगों की मौत
  • मृतकों में चार स्कूली बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल
  • पांच लोग घायल, दो की हालत गंभीर
  • मृतकों के परिजनों को रेलवे की ओर से 10-10 लाख रुपये मुआवजा
  • गंभीर घायलों को 2.5 लाख और सामान्य घायलों को एक लाख रुपये सहायता
  • घटनास्थल पहुंचे पूर्व सांसद अधीर रंजन चौधरी
  • मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जांच और कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें