दक्षिण मुंबई के झवेरी बाजार इलाके में एक सर्राफा व्यापारी के कार्यालय में तीन किलोग्राम सोना और 25 लाख रुपये की लूट हो गई। एक गिरोह के सदस्यों ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर इस घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर हुई चोरी के चौबीस घंटे के भीतर पुलिस एक महिला सहित तीन आरोपियों को पकड़ने में सफल रही। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और उसके तीन साथी खुद को ईडी का अधिकारी बताकर सर्राफा कारोबारी के दो कार्यालयों में घुसे और मालिक के बारे में पूछताछ करने लगे। आरोपियों ने प्रतिष्ठान पर विभिन्न दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी और कुछ श्रमिकों के साथ मारपीट भी की।
उन्होंने बताया कि वे एक मजदूर को हथकड़ी पहनाकर दूसरे कार्यालय में ले गए। यहां काम करने वाले किसी आदमी को उनके गलत होने का शक नहीं हुआ, क्योंकि आरोपी अपने तौर-तरीकों में आश्वस्त दिखाई दे रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि वे तीन किलोग्राम सोना और 25 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि जब सर्राफा व्यापारी ने इलाके के अन्य प्रतिष्ठानों के मालिकों से जांच की बात पूछी तो उन्होंने उसे पुलिस से संपर्क करने के लिए कहा।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों का गठन किया गया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दो आरोपियों को मुंबई से पकड़ लिया गया और रत्नागिरी में महिला का पता लगा लिया गया। आरोपियों ने वारदात में एक कार का इस्तेमाल किया था, जिसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि चोरी का कम से कम 2.5 किलोग्राम सोना और 15 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 394 (लूटपाट करते समय जानबूझकर चोट पहुंचाना), 120-बी (साजिश) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई में रैकेट का भंडाफोड़, 19 लाख के जाली नोट जब्त
पुलिस ने मालवानी इलाके में जाली नोट के रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 19 लाख रुपये के जाली नोट जब्त किए हैं। बरामद नोट 2000, 500, 200 और 100 रुपये के हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य पालघर से मुंबई नकली नोट चलाने आए थे। इनकी पहचान फहील इरफान शेख (21) के रूप में हुई। बाद में इसी मामले में महबूब नबीबुब शेख (23) को भी पकड़ा गया।