मुंबई के एक नामी कॉलेज के 22 वर्षीय छात्र को अपनी ही कॉलेज की एक छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाकर उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह वारदात 29 अक्तूबर को मालाड पश्चिम के मड आइलैंड में हुई एक पार्टी के दौरान हुई। घटना के बाद आरोपी मुंबई से भागकर छत्तीसगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव चला गया था, जिसे जुहू पुलिस की टीम ने वहां पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कॉलेज के कुछ छात्रों ने मिलकर मड आइलैंड में एक पार्टी का आयोजन किया था। यह इलाका मालवणी पुलिस स्टेशन के जूरिडिक्शन में आता है। पार्टी के दौरान आरोपी ने छात्रा की ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि छात्रा की इसी बेहोशी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।
पीड़ित छात्रा ने नवंबर के पहले हफ्ते में हिम्मत जुटाकर अपने माता-पिता को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उसे लेकर जुहू पुलिस स्टेशन पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 74, 123 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। चूंकि घटनास्थल मालवणी इलाके का था, इसलिए पहले वहां केस दर्ज हुआ, लेकिन पीड़िता के माता-पिता के अनुरोध पर मालवणी में जीरो एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच जुहू पुलिस को सौंप दी गई।
केस हाथ में आते ही जुहू पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, तो पता चला कि वह मुंबई छोड़कर छत्तीसगढ़ अपने गांव भाग गया है। इसके बाद एक टीम को तुरंत छत्तीसगढ़ भेजा गया, जिसने आरोपी को धर दबोचा। स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल करने के बाद पुलिस उसे मुंबई लेकर आई और यहां की कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे शुक्रवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
इस मामले में एक अन्य संदिग्ध का नाम भी सामने आया है। हालांकि, इस पूरी वारदात में उसकी क्या भूमिका थी और वह इसमें शामिल था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है और अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके अलावा, पुलिस पार्टी में मौजूद कॉलेज के अन्य छात्रों के भी बयान दर्ज कर रही है।