मुंबई में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक 11 वर्षीय छात्र की मौत का मामला बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा में गूंजा। इस घटना को लेकर सदस्यों ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। शिवसेना के विधायक तुकाराम काटे और मुर्जी पटेल ने मंगलवार को चेंबूर इलाके में 11 वर्षीय वीहान श्रीवास्तव की मौत को लेकर बीएमसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
बार-बार शिकायतों के बावजूद अधिकारियों ने नहीं की कार्रवाई
चेंबूर का प्रतिनिधित्व करने वाले तुकाराम काटे ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैं लगातार अधिकारियों से एहतियाती कदम उठाने की अपील करता रहा हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।' विधायक मुर्जी पटेल ने मृतक बच्चे के परिवार और घायलों को आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से बच्चे के परिवार को 2.5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।
पटेल ने अंधेरी के मारोल इलाके में पेड़ गिरने की एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए तत्काल पेड़ों का सर्वेक्षण कराने की मांग भी की, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार से इस पर बयान देने की मांग की।
कैसे हुआ हादसा?
- यह दर्दनाक हादसा मंगलवार को चेंबूर में उस समय हुआ जब एक पुराना पीपल का पेड़ स्कूल बस पर गिर गया। बस यूनिवर्सल हाई स्कूल के 13 छात्रों को घर छोड़ने जा रही थी। इस घटना में चार अन्य छात्र घायल हो गए थे। अधिकारियों के अनुसार घटना दोपहर 2:58 बजे रोड नंबर 11 पर एक इमारत के पास हुई।
- फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर सभी छात्रों को बाहर निकाला। बस चालक, कंडक्टर और स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की।
- घायलों में 4 से 12 वर्ष की आयु के कुल पांच बच्चे थे, जिन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर के अनुसार, गंभीर रूप से घायल वीहान श्रीवास्तव की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य चार बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।