दिग्गज अभिनेता ओमपुरी की मौत को मुंबई पुलिस संदिग्ध मान रही है। इसलिए एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभिनेता ओम पुरी की मौत की असलियत बिसरा की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। इस बीच ओशिवरा पुलिस ओम पुरी की मौत की दूसरी वजह तलाश कर रही है।
मुंबई पुलिस के डीसीपी प्रवक्ता अशोक दुधे के मुताबिक अभिनेता ओम पुरी की मौत के मामले में लीगल प्रोविजन के तहत एडीआर रजिस्टर कर तफतीश शुरू की गई है। जिस बिल्डिंग में ओम पुरी रहते थे, उसकी सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग खंगालने से लेकर वहां रह रहे लोगों और रिश्तेदारों से पुलिस पूछताछ भी कर रही है।
बॉलीवुड अभिनेता ओम पुरी का शुक्रवार छह जनवरी को सुबह निधन हो गया था। उनकी इस अचानक मौत से पूरा बॉलीवुड सदमे में है। शुरुआत में पता चला कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ओम पुरी के सिर में चोट और हृदयाघात से मौत की वजह बताई गई है।
ओशिवरा पुलिस थाने में उनकी मौत की वजह उनके सिर में लगी गहरी चोट को ही दर्ज किया गया है। वहीं, कूपर अस्पताल का फरेंसिक डिपार्टमेंट मौत की असली वजह जानने के लिए कुछ सैंपल जांच के लिए भेज चुका है। इससे स्पष्ट है कि पुलिस दिग्गज अभिनेता की मौत के मामले में रिस्क नहीं लेना चाहती।