महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के भांडुप पश्चिम के खिंडीपाड़ा में मरम्मत कार्य के दौरान मकान गिरने से दो युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 19 वर्षीय राजकुमार धोत्रे और 18 वर्षीय रामानंद यादव के रूप में हुई है। बीएमसी ने इस घटना की जानकारी दी है।
घटना सुबह करीब 9.45 बजे हुई
उन्होंने कहा कि घटना सुबह करीब 9.45 बजे हुई जब खिंडीपाड़ा इलाके में स्थित ढांचे में मरम्मत का काम चल रहा था। अधिकारी ने कहा कि राजकुमार धोत्रे (19) और रामानंद यादव (18) के रूप में पहचाने गए दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय निकाय के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य किया।
किशोरी के चाचा और चचेरे भाई को दुष्कर्म के आरोप में किया गया गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने 14 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में उसके चाचा और चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है। यह घटना तब हुई, जब लड़की 2014 और सितंबर 2022 के बीच उपनगर बोरीवली में अपने 50 वर्षीय चाचा के घर पर थी। मुंबई के एमएचबी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उसके माता-पिता ने विरार पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर उन्होंने प्राथमिकी दर्ज की। मामला बाद में एमएचबी पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया, क्योंकि यह घटना मुंबई में हुई थी।
बदलापुर एमआईडीसी में केमिकल यूनिट में आग लगने से चार कर्मचारी झुलसे
ठाणे जिले में रविवार दोपहर एक रासायनिक कारखाने में आग लगने से चार कर्मचारी घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदलापुर एमआईडीसी में दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली और कुलगांव नगरपालिका परिषद और आनंद नगर एमआईडीसी की चार दमकल गाड़ियों को बुझाने के काम में लगाया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
महाराष्ट्र सरकार वारिशे के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी
महाराष्ट्र सरकार पत्रकार शशिकांत वारिशे के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। वारिशे (48) को रत्नागिरी जिले में गत छह फरवरी को एक एसयूवी ने टक्कर मार दी थी और अगले दिन अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। आरोप है कि उक्त एसयूवी को जमीन डीलर पंढरीनाथ अम्बेरकर चला रहा था। रत्नागिरी के जिला संरक्षक मंत्री उदय सामंत ने कहा कि सरकार वारिशे के बेटे को स्थायी नौकरी भी देगी।