मुंबई के मुलुंड स्टेशन पर चलती ट्रेन से 56 वर्षीय अधेड़ को एक युवा जोड़े ने धक्का दे दिया है। बताया जा रहा है कि युवा जोड़े का अधेड़ से किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसके बाद जोड़े ने उन्हें धक्का दे दिया, अधेड़ की ट्रेन से गिरते ही मौत हो गई। कुर्ला जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है। अब स्टेशन पर लगे सीसीटीवी के आधार पर आरोपी कपल की पहचान की जा रही है।
पेशे से लोहा व्यापारी दीपक पटवा (56) अपनी पत्नी और बेटे के साथ मुलुंड में रहते थे। वह पवई में काम करते थे। शनिवार दोपहर लगभग दो से ढाई बजे के बीच ट्रेन पकड़ने के लिए मुलुंड स्टेशन गए थे।
शनिवार की दोपहर पुलिस को जैसे ही बुजुर्ग के चलती ट्रेन के नीचे फेंके जाने की सूचना मिली वे घटनास्थल पर पहुंचे। तत्काल अधेड़ को अस्पताल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने दीपक के फोन की खोज की है जिसमें उनके आखिरी कॉल को सर्च किया गया जिसके बाद पटवा परिवार को उनकी मृत्यु की खबर दी गई। पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है।
दीपक के दामाद अजीत शाह ने बताया कि वह पुलिसवालों के साथ सीसीटीवी फुटेज देखने गए थे। उनलोगों ने कैमरे चेक किए तो प्लैटफॉर्म नंबर तीन में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखकर चौंक गए।