मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में मानसून ने दस्तक दे दी है। कोकण, विदर्भ और मराठवाडा समेत कई जगहों पर भारी बारिश हुई है। बारिश की वजह से मुंबई में लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। मुंबई में गुरुवार से तेज बारिश हो रही है जिससे यहां लोगों को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।
कई जगहों पर काफी मात्रा में पानी भर गया है जिसकी वजह से लोग ट्रैेफिक जाम से भी जूझ रहे हैं। बारिश की वजह से मुंबई की जान कही जाने वाली लोकल ट्रेन भी बाधित हुई है। ट्रेनों में हो रही देरी की वजह से लोग समय से अपने घर नहीं पहुंच पा रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश की वजह से अपने घर पर रहने की सलाह दी है।
हालांकि मौसम विभाग की चेतावनी के बाद
बीएमसी ने अपने कर्मचारियों की शनिवार-रविवार की छुट्टी कैंसल कर दी थी। मौसम विभाग ने 9 से 12 जून तक तेज बारिश की आशंका जताई थी और शनिवार से मुंबई में मानसून की दस्तक के भी संकेत दिये थे।
बारिश की वजह से छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी कई विमानों को डायवर्ट करना पड़ा है। लोकल ट्रेन 10 से 12 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं, सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि देरी के बावजूद अब तक किसी लोकल ट्रेन को रद्द नहीं किया गया है।