पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि यास्मीन खुद पहले फिल्मों और धारावाहिकों में छोटे रोल कर चुकी है। उसके पास से उन लड़कियों की सूची मिली है जो बॉलीवुड में काम करने की चाह रखती हैं। ऐसे में यास्मीन इन लड़कियों को शॉर्ट फिल्मों में काम करने का ऑफर देती थी। इसके लिए वह अभिनेत्रियों को 20 मिनट की ऐसी फिल्मों की स्क्रिप्ट सुनाती थी, जिसमें न्यूड सीन का कोई जिक्र नहीं होता था।
पुलिस को पीड़िताओं ने बताया कि यास्मीन उन्हें चार से पांच घंटे की शूटिंग के लिए 30 हजार रुपये देने की बात कहती थी। इसके बाद उनसे एक एग्रीमेंट करवाया जाता था, जिस पर ज्यादातर अभिनेत्रियां बिना पढ़े ही हस्ताक्षर कर देती थीं। कुछ दिन बाद इन अभिनेत्रियों को मुंबई के मड आईलैंड और कुछ अन्य जगहों पर बुलाया जाता था। वहां शूटिंग शुरू होती थी, जहां फिल्मों में काम पाने के लिए संघर्ष कर रहे कुछ अभिनेताओं को भी बुलाया जाता था।
जानकारी मिली है कि तकरीबन आधी शूटिंग के बाद अभिनेत्रियों से न्यूड सीन करने को कहा जाता था। जब कोई लड़की इसके लिए मना करती थी, तो उसे लीगल नोटिस की धमकी दी जाती थी। लड़की डर की वजह से सीन करने के लिए तैयार हो जाती थी। इसके बाद आरोपी अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म और पोर्न साइट से जुड़े लोगों से संपर्क करते थे। वहां से इन अश्लील शॉर्ट फिल्मों के लिए मोटी रकम लेते थे और इस तरह इनका यह रैकेट चल रहा था।
कुछ दिन पहले मुंबई पुलिस की प्रॉपर्टी सेल को इस रैकेट के बारे में सूचना मिली थी। ऐसे में सीनियर इंस्पेक्टर केदारी पवार, धीरज कोली और लक्ष्मीकांत सालुंके की टीम बनाई गई। इस टीम ने एक जाल बिछाया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो अभिनेता, एक कैमरा मैन, एक कास्टिंग डायरेक्टर और एक प्रोड्यूसर शामिल हैं। बता दें, पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 36 लाख रुपये नकद और पांच लाख रुपये के शूटिंग से जुड़े सामान बरामद किए हैं।