हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है, जबकि छह अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। ये लोग एक जन्मदिन की पार्टी मनाने बीच पर पहुंचे थे। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।
महाराष्ट्र में रविवार को दर्दनाक हादसे की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि मलाड के अक्सा बीच पर अचानक एक कार अनियंत्रित हो गई। इसकी चपेट में कई लोग आ गए। हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है, जबकि छह अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। ये लोग एक जन्मदिन की पार्टी मनाने बीच पर पहुंचे थे। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है। मामले में कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन
प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 लोग बीमार पड़े
वहीं, पनवेल के एक गांव में प्रसाद खाने के बाद 36 लोग बीमार पड़ गए हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पनवेल के तहसीलदार विजय तालेकार ने बताया कि शनिवार को ‘दत्ता जयंती’ के मौके पर रीठघर के एक मंदिर में प्रसाद बांटा गया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 लोगों ने चक्कर आने, जी मिचलाने और पेट की समस्या की शिकायत की। उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और कई को अब छुट्टी भी दे दी गयी है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है।
दो करोड़ सोने के साथ 18 विदेशी महिलाएं हिरासत में
वहीं, मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18 केन्याई महिलाओं को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि उनके पास से चार किलो सोना बरामद किया गया है। इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। इन महिलाओं ने सोने को सीमावर्ती हिस्से में मसाला बोतलों, अंडरगारमेंट्स और जूतों में छुपाया था।