गैंगस्टर अबु सलेम का फिल्मी कनेक्शन जगजाहिर है, लेकिन अपनी असल जिंदगी में भी सलेम फिल्मी हीरो की तरह पेश आएगा, इसका अंदाजा नहीं था। फर्जी पासपोर्ट समेत कई गंभीर आरोपों में पिछले 12 सालों से जेल में कैद अबु सलेम ने चलती ट्रेन में शादी रचाकर सबको हैरान कर दिया।वाकया आठ जनवरी का है, जब सलेम को फर्जी पासपोर्ट मामले में एक केस की पेशी के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। 2002 में पुर्तगाल से प्रत्यर्पण के तहत सलेम को भारत लाया गया था।
उस पर टी सीरीज के मालिक गुलशन कुमार और मनीषा कोइराला के सेक्रेटरी प्रदीप जैन के मर्डर के केस समेत और भी कई गंभीर आरोपों के तहत मामले चल रहे हैं। एक अखबार के मुताबिक सलेम ने चलती ट्रेन में शादी रचाई। सलेम को कोर्ट में पेशी के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था। इसी यात्रा के दौरान उसने मुंब्रा (मुंबई) की एक लड़की से शादी की।
उनका निकाह मुंबई में एक काजी ने फोन पर पढ़ा। इस निकाह के गवाह बने अबु के भतीजे रशीद अंसारी और मुंबई व लखनऊ पुलिस के एक-एक जवान। ट्रेन में गैंगस्टर की इस शादी के बारे में पुलिस महकमा भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है, क्योंकि यह सुरक्षा में चूक का गंभीर मामला है।
एक अधिकारी ने कहा, पुलिस का काम सलेम को लखनऊ सुरक्षित पहुंचाना था। वह ट्रेन में क्या करता है और किससे बातें करता है, इससे पुलिस का कोई लेना-देना नहीं है। जब अंसारी से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने शादी के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा, कृपया, उसकी निजी जिंदगी के बारे में मुझसे सवाल मत कीजिए। मैं सिर्फ कानूनी मुद्दे पर बात कर सकता हूं।