मुंबई में जहरीली हवा से मिली आंशिक राहत (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Social Media
दमघोंटू हवा की मार झेल रही मायानगरी मुंबई में वायु प्रदूषण को कम करने की कवायद लगातार जारी है। सड़कों से उड़ने वाली धूल की समस्या से निजात पाने के लिए 584 किलोमीटर सड़क की पानी से धुलाई हो रही है। मुंबई के 24 प्रशासनिक वार्ड में सड़कों को धोने के बारे में स्थानीय निकाय ने बताया कि वायु प्रदूषण की गंभीरता को देखते हुए हवा साफ करने के हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं।
इन सड़कों की धुलाई करा रही है BMC
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अतिरिक्त आयुक्त सुधाकर शिंदे ने बताया कि जिन सड़कों को नियमित रूप से पानी से धोया जा रहा है, इनकी चौड़ाई 60 फीट है। इसमें पश्चिमी और पूर्वी एक्सप्रेस हाईवे, पूर्वी फ्री वे, एसवी रोड, बांद्रा से सांताक्रूज़ वेस्ट लिंक रोड, एलबीएस रोड सहित अन्य सड़कें भा शामिल हैं।
सड़कों के साथ-साथ फुटपाथ पर भी धुलाई-सफाई
उन्होंने कहा कि बीएमसी ने शहर में वायु प्रदूषण का कारण बनने वाली धूल की परेशानी से निजात पाने के लिए सड़कों की धुलाई के अलावा कई और उपाय भी किए हैं। इसके तहत सड़कों के साथ-साथ फुटपाथों की सफाई और धुलाई भी कराई जा रही है।
पानी के 121 टैंकरों का इस्तेमाल
नगर निगम का कहना है कि सड़कों की धुलाई के चुनौतीपूर्ण काम में प्रशिक्षितत कर्मचारियों को लगाया गया है। कुल 121 पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कीचड़ डी-वॉटरिंग, फायर एक्स टैंकर, माइक्रो वॉटर स्प्रेयर जैसे कई अत्याधुनिक उपकरणों का भी उपयोग किया जा रहा है। बीएमसी ने कहा कि सड़कों की धुलाई के लिए रिसाइकल किए गए पानी और स्थानीय स्रोतों से पानी का उपयोग किया जा रहा है।
मुंबई का AQI 117, हवा की गुणवत्ता मध्यम
बीएमसी ने कहा, प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि पीने का पानी बर्बाद न हो। बीएमसी की कवायद कितनी असरदार है, इसका अंदाजा मुंबई की हवा से लगाया जा सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार शाम 7:05 बजे मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 'मध्यम' (Moderate) यानी 117 था। इसे लगभग एक हफ्ते पहले की तुलना में बेहतर स्थिति माना जा रहा है।