Mulayam shows anger against Lok Sabha Speaker Sumitra Mahajan
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने मंगलवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान जैव विविधता उद्यानों से संबंधित प्रश्न के तहत यूपी के इटावा में लॉयन सफारी में दो शेरों की मौत का मामला उठाया। उन्होंने कहा, 'हमारे शेर मारे गए। इसे गुजरात के सीएम रहते हुए नरेंद्र मोदी ने उपहार स्वरूप दिया था। सभी सुविधाओं और अच्छे डॉक्टरों के बावजूद हमारे शेर मारे गए। इसकी वजह जानने के लिए उन्होंने सदन से इसकी जांच कराने की मांग की। इसके जवाब में पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे ने जांच का आश्वासन दिया।
मुलायम सिंह यादव ने कहा, 'नरेंद्र मोदी जब गुजरात के सीएम थे तब मैंने और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनसे शेर मांगे थे। हमने उनसे जितने शेर मांगे, उन्होंने उतने दिए। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं। इटावा के उद्यान में उनकी रखवाली के लिए सभी तरह की सुविधाएं मुहैया कराई गई। इसके बावजूद दो शेर मारे गए। यह गंभीर विषय है। हमारी तरफ से गलती हुई है तो हम सुधार करेंगे। लेकिन, जांच में कारणों का पता चलना चाहिए।'
इसके जवाब में पर्यावरण मंत्री अनिल माधव ने कहा कि मुलायम सिंह के प्रति उनकी श्रद्धा है। वह लोहिया की सोच के वाहक हैं। वह दो शेरों की मौत की जांच कराएंगे। यह भी देखना है कि शेरों की मौत कितने समय पहले हुई। अगर समय अधिक हो गया होगा तो बिसरा से पता लगाना कठिन होता है। कुछ निश्चित समय बाद परिस्थितियां बदल जाती हैं।