मोहम्मद अली को कौन नहीं जानता। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन से लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा तक ने उनके निधन पर शोक प्रकट कर अपनी संवदेनाएं व्यक्त कीं। मोहम्मद अली के निधन पर केरल के खेल मंत्री ने भी ऐसा ही किया। लेकिन गलती बस एक हो गई कि उन्हें यह नहीं पता था कि मोहम्मद अली किस देश के लिए खेला करते थे।
यह वाकया उस वक्त सामने आया जब केरल के खेल मंत्री ईपी जयराजन से मोहम्मद अली के निधन पर प्रतिक्रिया देने को कहा गया था। इस पर मंत्रीजी ने कहा, 'मैंने अभी-अभी अली की मौत की खबर सुनी है। अली केरल की बहुत बड़ी खेल शख्सियत हैं और केरल के लिए गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने राज्य का नाम रोशन किया है।'
मंत्रीजी इससे पहले कि कुछ और बोल पाते, उन्हें टीवी पत्रकारों ने रोक दिया। सोशल मीडिया तक जैसे ही यह खबर पहुंची लोगों ट्वीट करने शुरू कर दिए। उनका वीडियो भी खूब शेयर किया जा रहा है।