कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर पहुंची। प्रियंका ने जन आक्रोश महारैली के जरिए चुनावी अभियान का आगाज किया। प्रियंका ने अपने भाषण की शुरुआत और अंत बुंदेलखंडी में किया। अपने 32 मिनट के भाषण में प्रियंका ने केवल एक बार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सीएम शिवराज सिंह चौहान का नाम लिया। प्रियंका ने भाषण में सिंधिया का जिक्र करते हुए कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्या किया और क्यों किया। इन सब में अब जाने की जरूरत नहीं है। आज केवल मुद्दों की बात करने आपके बीच आई हूं। आज लोग महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से परेशान हैं। आज इन मुद्दों पर चर्चा करने और समाधान की जरूरत है। प्रियंका ने भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका ने रैली में वहीं पांच गारंटी को फिर दोहराया, जिनकी घोषणा उन्होंने जबलपुर रैली में की थी। साथ ही यह भी कहा कि प्रदेश में एक ऐसी मजबूत सरकार बनाए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके। जो आपके भविष्य को मजबूत बनाए।
यह भी पढ़ें: ग्वालियर में गरजीं प्रियंका गांधी: पटवारी भर्ती, बेरोजगारी से लेकर मणिपुर तक का किया जिक्र, पढ़ें 10 बड़ी बातें
प्रियंका ने अपना संबोधन बुंदेलखंडी में संबोधन शुरू किया। कहा- सब भैया-बहन आपको हमारी राम-राम। हमारे देश की परंपरा रही है कि हम नेताओं में सरलता, सभ्यता और सच्चाई ढूंढते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे नेता में ऐसे गुण हों। आरोप-प्रत्यारोप, एक-दूसरे की बुराई के बीच जनता के असली मुद्दे डूब जाते हैं। मैं आज पीएम, शिवराज और सिंधिया के बारे में 10-10 मिनट बोली सकती हूं। सिंधिया जी के बारे में भी 10 मिनट बोल सकती हूं, कि किस तरह से अचानक उनकी विचारधारा ही पलट गई। लेकिन मैं आज आप लोगों का ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। मैं आज आम लोगों के मुद्दों पर बात करने आई हूं। मैं महंगाई के मुद्दों पर बात करने आई हूं। आज हर तरफ महंगाई है। ये आपके जीवन पर एक बोझ बन गई है। किस तरह आप गुजारा कर रहे हैं, मैं समझ नहीं पा रही हूं। सबसे ज्यादा महंगाई का बोझ मेरी बहनें उठा रही हैं। गैस सिलेंडर हजार रुपये से कम में नहीं मिल रहा। कोई बीमार पड़ा जाता है तो इस बात की घबराहट होती है कि दवा कहां से लेकर लाए। इस बीच मुझे उचित नहीं लगता है कि मैं दूसरों की आलोचना करती रहूं।
प्रियंका ने कहा, ऐसी सरकार बनाए जो खरीदी न जा सके
प्रियंका ने वादे करते हुए कहा कि हमारी जहां-जहां सरकारें हैं, वहां जो गारंटी दी वो निभाई जा रही हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन स्कीम लागू है। जब आप नौकरी के लिए जाते हैं, तो सरकार कहती है, पेंशन नहीं मिलेगी। लेकिन कांग्रेस सरकार वाले राज्यों में आज पेंशन सुविधा है। छत्तीसगढ़ में 2600 रुपये आपको धान के लिए मिलते हैं। कर्नाटक में हमने कहा था- बस में महिलाएं फ्री यात्रा करेंगी। अब ये सेवा भी शुरू होने जा रही है। आज मप्र में भी बदलाव की लहर है। प्रदेश में एक ऐसी मजबूत सरकार बनाइए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके। जो आपके भविष्य को मजबूत बनाए।
भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा
प्रियंका गांधी ने कहा कि, यहां से तमाम वीर जाकर देश की सेवा करते हैं। जब से अग्निवीर योजना आई, तब से लोग ट्रेनिंग से ही वापस आ जा रहे हैं। घर आकर किसानी से भी नहीं कमा पाएंगे। भर्ती के लिए तमाम नौजवान पढ़ाई करते हैं। फिर देखिए पटवारी के एक्जाम में किस तरह से घोटाला हो गया। इन चीजों का समाधान क्या है। 2018 में जब हमारी सरकार बनी, तब उन्होंने सरकार गिराई। 18 सालों से इनकी सरकार है और ये हालात हैं। 18 साल से सरकार में हैं तब तो कुछ दिया नहीं, चुनाव के पहले महिलाओं और नौजवानों को वादा करते हैं कि ये देंगे। घोटालों पर घोटाले हो रहे हैं, इतनी लंबी लिस्ट है कि याद नहीं रहती है। इन लोगों ने कुछ नहीं छोड़ा, सड़कें नहीं छोड़ी, महाकाल की मूर्तियां तक नहीं छोड़ी।
शिवराज सिंह चौहान झूठ की मशीन: कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि भाजपा की सरकार ने मध्यप्रदेश को झूठ की राजधानी बना दिया है। नौजवानों को झूठ बोला, आदिवासियों को झूठ बोला, मां नर्मदा को झूठ बोला, हमारे आदिवासियों को झूठ बोला। मैं पूछना चाहता हूं कि किसको इन्होंने झूठ नहीं बोला। शिवराज सिंह झूठ की मशीन हैं, घोषणाओं की मशीन हैं, घोटालों की मशीन हैं। चुनाव में चार महीने बचे हैं ये मशीन अब डबल स्पीड से चल रही है। यह चुनाव मध्यप्रदेश का भविष्य तय करेगा। आज चुनाव जब चार महीने दूर है, तो शिवराज सिंह को बहनें याद आ रही हैं। किसान याद आ रहे हैं। 18 साल में आपने क्या दिया। भर्ती घोटाले दिए। महंगाई दी। कोरोना की मौत दी। महाकाल का घोटाला दिया। मध्यप्रदेश में 2500 घोटाले हैं। शिवराज ने माफिया राज दिया है। घर-घर में शराब दी। ये शिवराज की उपलब्धि है। आज हमें एमपी की भविष्य सुरक्षित रखना है। प्रदेश को नई पटरी पर लाना है। मुझे ग्वालियर चंबल के मतदाताओं पर विश्वास है। आप सच्चाई का साथ देंगे तो हम मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रख पाएंगे।