भारतीय सेना की तरफ से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक में सबसे ज्यादा नुकसान आतंकी संगठन लश्कर-ए-
तैयबा को पहुंचा है। रेडियो इंटरसेप्ट्स की मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार सर्जिकल स्ट्राइक में लश्कर के 20 आतंकी मारे गए। भारतीय सेना के पास जो रिपोर्ट है वह पाकिस्तान के विभिन्न संगठनों के अधिकारियों के बीच हुई बातचीत पर आधारित है।
रिपोर्ट के मुताबिक प्रतिबंधित पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा को सबसे ज्यादा नुकसान उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर के विपरीत दिशा में स्थिति पाक अधिकृत कश्मीर के डूडनियाल स्थित आतंकी ठिकाने पर हुई। यहां लश्कर के सबसे ज्यादा आतंकी मारे गए।
रविवार को सूत्रों ने बताया कि आर्मी डिवीजन की पांच टीमों को डूडनियाल और कैल (इसे केल के नाम से भी जाना जाता है) स्थित आतंकी ठिकानों को नष्ट करने का काम सौंपा गया था। पूरी तरह से सुनियोजित इस ऑपरेशन की शुरुआत 28 और 29 सितंबर की मध्य रात्रि को हुई। ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना ने एलओसी पार कर चार आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया।
ये आतंकी ठिकाने एलओसी से 700 मीटर की दूरी पर थे। ये सभी आतंकी ठिकाने एक पाकिस्तानी चौकी के पहरे में थे। सूत्रों के अनुसार आतंकियों को भारतीय सेना की ओर से इस तरह की किसी कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी। भारतीय सेना की ओर से हुई अचानक कार्रवाई के दौरान आतंकी पाकिस्तानी चौकी की ओर भागने लगे और भारतीय जवानों के हाथों मारे गए।