गुजरात दौरे पर गए राहुल गांधी ने देश के वर्तमान राजनीतिक हालातों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भारत में ईमानदार नेता के लिए काम करना बेहद मुश्किल है मुझे इसका अनुभव है।
गुजरात दौरे के दूसरे दिन दिन राहुल गांधी ने राजकोट में कहा कि भारत की राजनीति बंद तालाब जैसी है इसे बदलकर नदी की तरह बनाना होगा। राहुल ने कहा कि सच बोलने पर बहुत गाली पड़ती है।
आपने देश को सरदार पटेल दिया और भाजपा ने पाटीदारों को गोलियां
इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रभावशाली पटेल समुदाय का समर्थन हासिल करने के लिए मंगलवार को गुजरात के पाटीदारों के वर्चस्व वाले क्षेत्रों में चुनाव प्रचार किया।
वह मंगलवार सुबह जामनगर से चुनाव प्रचार खत्म कर राजकोट रवाना हुए। इस दौरान कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के सदस्यों ने उनका अभिवादन किया। कांग्रेस नेता ने एनएसयूआई के सदस्यों से गुजरात में जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत करने का अह्वान किया।
राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा, ‘अगर राज्य में कांग्रेस सरकार बनाती है, तो सरकार गुजरात से ही चलेगी, दिल्ली से नहीं।’ उन्होंने इशारों-इशारों में आरोप लगाया कि गुजरात की सत्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारों पर चलती है।
गांधी ने पटेल समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘आपके समुदाय ने देश को सरदार पटेल दिया, लेकिन भाजपा सरकार ने आप लोगों पर अत्याचार किया। पाटीदारों पर गोलियां भी चलाई गईं। यह कांग्रेस का तरीका नहीं है। हम सभी समुदायों को एक साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।’
वहीं राजकोट जाते हुए जामनगर के फाला गांव में स्थानीय लोगों ने उनका ‘जय पाटीदार, जय सरदार’ के नारों के साथ स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने टोपियां पहनी हुई थीं, जिनमें यह नारा लिखा हुआ था।
गुजरात यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी ने धरोल और टनकारा समेत तमाम पाटीदार-वर्चस्व वाले गांवों का दौरा किया। गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को पाटीदारों को आरक्षण दिलाने की मांग करने वाले हार्दिक पटेल ने उनका स्वागत किया था।