मॉस्को से गोवा जा रहे चार्टर्ड विमान में बम होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया था। जिसके बाद तत्काल इसकी जामनगर में आपात लैंडिंग करवाई गई और सुरक्षा दस्ते ने मोर्चा संभालते हुए विमान के अंदर जांच की। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। बम होने की सूचना महज अफवाह थी। हवाई अड्डे के निदेशक के अनुसार आपात स्थिति में उतरने के 15 घंटे से अधिक समय बाद मंगलवार को दोपहर करीब 1 बजकर 20 मिनट पर सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर विमान ने जामनगर हवाईअड्डे से उड़ान भरी। हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान दोपहर 2 बजकर 39 मिनट पर गोवा के डाबोलिम हवाईअड्डे पर उतरा।
जामनगर के पुलिस अधीक्षक प्रेमसुख डेलू ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और जामनगर पुलिस की टीमों ने मंगलवार सुबह विमान की जांच पूरी कर ली थी और उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
क्या है मामला
बता दें कि मॉस्को से गोवा जा रहे चार्टर्ड विमान में बम होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। दरअसल, गोवा एटीसी के पास एक मेल आया, जिसमें विमान में बम होने की सूचना दी गई। इसके बाद तत्काल फ्लाइट की जामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया है। विमान की गंभीरता के साथ जांच की गई।
यहां देखें वीडियो
जामनगर हवाईअड्डे पर बम निरोधक दस्ते ने मोर्चा संभाल लिया। विमान आइसोलेशन बे में है और आगे की जांच चल रही है। जामनगर हवाईअड्डे के निदेशक ने बताया कि मॉस्को-गोवा चार्टर्ड फ्लाइट में सवार सभी 244 यात्रियों को रात करीब 9.49 बजे हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। वही एनएसजी कमांडो भी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं।
जामनगर कलेक्टर सौरभ पारघी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों ने 9 घंटे तक एयरपोर्ट की घेराबंदी की। विमान और यात्रियों की सघन जांच की गई है। यात्री के सामान की जांच की जा रही है और विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है।
गोवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कड़ी सुरक्षा
गोवा एटीसी को मॉस्को-गोवा चार्टर्ड फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद गोवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चार्टर्ड फ्लाइट को गुजरात के जामनगर की ओर मोड़ दिया गया है। विमान आइसोलेशन बे में है और आगे की जांच चल रही है।
जहाज पर सवार सभी लोग सुरक्षित
रूसी दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि मॉस्को से गोवा जाने वाली अजूर एयर की उड़ान में कथित बम की सूचना के बारे में भारतीय अधिकारियों द्वारा दूतावास को सतर्क किया गया था। विमान की जामनगर भारतीय वायु सेना अड्डे पर आपात लैंडिंग की गई। जहाज पर सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।