प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दरबार में हर दिन जो हजार से अधिक फरियाद पहुंच रही हैं। प्रत्येक माह आ रही शिकायतों की औसत संख्या 61 हजार 919 है। पीएमओ ने अबतक सात लाख 18 हजार 241 शिकायतों का निपटारा किया है। लंबित मामलों की संख्या दो लाख 72 हजार 466 है। शिकायतों में भ्रष्टाचार और कदाचार के आरोप भी शुमार हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डा. जीतेन्द्र सिंह ने कहा है कि शिकायतें विभिन्न विषयों से संबंधित होती हैं। इनमें कर्मचारियों की समस्याएं, नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता, पुलिस से जुड़े मामले, भ्रष्टाचार के आरोप, श्रम मुद्दे, शिक्षा, भूमि संबंधी मामले, वित्तीय सेवाओं आदि से जुड़े मामले शामिल हैं। दिल्ली से संबंधि शिकायतों की संख्या 11028 है।
प्रधानमंत्री मोदी आम लोगों से जुड़े मसले पर बेहद संवेदनशील हैं। वे स्वयं इन शिकायतों और मामलों की मानिटरिंग भी करते हैं। शिकायतों और समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रयास हो रहे हैं। इंटनेट आधारित केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण प्रणाली के जरिए शिकायतें दर्ज होती हैं और निपटारे के बाद संबंधित व्यक्ति को सूचित भी किया जाता है। आम लोगों की बातें सुनी जाएं और उसके शीघ्र समाधान पर प्रधानमंत्री का जोर है।