मौजूदा वित्तवर्ष की पहली तिमाही तक विनसम डायमंड एंड ज्वेलरी, गीतांजलि जेम्स और एबीजी शिपयार्ड जैसी बड़ी कंपनियों ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के 37 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा दबाए बैठे हैं। विजय माल्या की किंगफिशर एयरलाइंस के ऊपर भी 522.48 करोड़ का कर्ज है।
पीएनबी की वेबसाइट पर 30 जून को अपलोड की गई जानकारी के मुताबिक कुल 1787 इरादतन बकायेदारों पर बैंक का 37020.27 करोड़ रुपये का कर्ज बकाया है। बकायेदारों की सूची में मेहुल चोकसी की कंपनी गीतांजलि जेम्स लि. पर 5064.84 करोड़ का कर्ज है। गीतांजलि समूह की ही गिली इंडिया और नक्षत्र पर क्रमश: 1,447 करोड़ और 1,109 करोड़ रुपये बकाया है।
वहीं जतिन मेहता की कंपनी विनसम डायमंड एंड ज्वेलरी लि. पर 1036.85 करोड़, एबीजी शिपयार्ड लि. पर 1193.37 करोड़ रुपये की देनदारी है। चंडीगढ़ स्थित कूडोस केमी लि. 1418 करोड़ का कर्ज बकाया है।
वहीं जूम डेवलपर्स पर 702 करोड़, जस इंफ्रास्ट्रक्चर एंड पावर लि. पर 453.96 करोड़ और स्टर्लिंग ग्लोबल ऑयल रिसोर्सेज लि. बैंक का 755 करोड़ रुपये दबाए बैठी है। इनके अलावा और भी कई कंपनियां हैं जिनका हजारों करोड़ का कर्ज बकाया है। ये सभी कर्ज कंसोर्टियम के जरिये दिए गए हैं।