देश के अधिकांश राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी हैं। कई राज्यों में बाढ़ आ रही है, तो कई शहरों में झमाझम बारिश हो रही है। इस बीच राजधानी दिल्ली में भी मानसून पहुंच गया है। इसी बीच मौसम विभाग अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में जोरदार बारिश की संभावना है। जबकि दिल्ली में सात और आठ जुलाई को भारी बारिश हो सकती है।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के अनुसार,उत्तरी ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ के आसपास के हिस्सों और गंगीय पश्चिम बंगाल पर एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी तक फैला हुआ है। वहीं,दक्षिण पश्चिम राजस्थान से सटे इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से पश्चिम मध्य अरब सागर तक फैली हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र्र, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और माहे में अगले पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने वाली है। दक्षिण गुजरात क्षेत्र और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में 8 और कोंकण और गोवा में 7 और 8 जुलाई, 2022 को अलग-अलग अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है। जबकि अगले 5 दिनों के दौरान मराठवाड़ा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में गरज-बिजली के साथ व्यापक वर्षा और छह और सात जुलाई को मराठवाड़ा में और आज से छह जुलाई के दौरान उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश होने की संभावना है।
विभाग के अनुसार,अगले 5 दिनों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में छिटपुट भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, इसी दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की उम्मीद है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में सात और आठ जुलाई और विदर्भ और छत्तीसगढ़ में चार से पांच जुलाई के दौरान बारिश के आसार हैं। इसके अलावा, ओडिशा में चार, सात और आठ जुलाई को भारी बारिश आने की उम्मीद है।
वहीं, सात और आठ जुलाई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली में अलग-अलग भारी बारिश होने का अनुमान है। जबकि छह तारीख को पश्चिम उत्तर प्रदेश, 4 से 8 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान और 5 से 8 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है। छह से आठ जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश की उम्मीद है।