‘माफी मांगो’ के नारों से गूंजते रहे दोनों सदन
दोनों सदनों में शुक्रवार को भी अधीर रंजन की टिप्पणी पर भाजपा और विपक्ष की ओर से माफी मांगों की नारेबाजी होती रही। नतीजे में कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। लोकसभा में सत्ता पक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग करने लगा। कांग्रेसी सोनिया गांधी जिंदाबाद के नारों के साथ केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से माफी की मांग करने लगे। हंगामे के कारण दो बार स्थगन के बाद सदन को सोमवार तक स्थगित कर दिया गया। लोकसभा में कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने स्मृति ईरानी के खिलाफ स्थगन प्रस्ताव नोटिस भी दिया।
कांग्रेस ने गुजरात में शराब से मौतों का मामला उठाना चाहा। दूसरी तरफ सत्ता पक्ष ने अधीर की टिप्पणी पर नारेबाजी की। दोनों पक्षों की तरफ से नारेबाजी और हंगामा बढ़ने पर उपसभापति हरिवंश ने सदन को 12 बजे तक स्थगित कर दिया। 12 बजे के बाद भी हंगामा जारी रहा तो आसन पर बैठे सस्मित पात्रा ने सदन को एक अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया।
अधीर रंजन माफी मांग चुके हैं। इसके बावजूद भाजपा सोनिया गांधी से माफी की मांग कर रही है। उनके खिलाफ नारे लगा रही है। यह जानबूझकर किया जा रहा है, ताकि महंगाई, बेरोजगारी पर चर्चा से बचा जा सके। -मल्लिकार्जुन खरगे, राज्यसभा में विपक्ष के नेता