शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 तीन अगस्त तक भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों से नदियों और जल इकाइयों के निकट नहीं जाने की सलाह दी है क्योंकि हाल के दिनों में भारी बारिश की वजह से इनका जलस्तर बढ़ सकता है। वहीं 5 अगस्त तक मैदानी और निचले एवं मध्य पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं का अनुमान लगाया गया है।
जम्मू-कश्मीर: लापता हुए 20 लोगों की तलाश जारी
जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के एक गांव में बादल फटने के बाद लापता हुए 20 लोगों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान शुक्रवार को फिर से शुरू हो गया, जो अभी जारी है। इससे पहले खराब मौसम के कारण अभियान को कुछ घंटों के लिए रोकना पड़ा था। दचन तहसील के सुदूर होंजर गांव में बुधवार को तड़के बादल फटने की घटना में सात लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य व्यक्ति जख्मी हो गए। इस घटना में 21 मकान, एक राशन भंडार, एक पुल, एक मस्जिद और गायों के लिए बने 21 शेड भी क्षतिग्रस्त हो गए।
यूपी और बंगाल में गई नौ लोगों की जान
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में भारी बारिश के कारण एक मकान की छत ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हुए हैं। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इनमें से पांच लोगों की मौत राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के बाद दीवार गिरने से हुई। तटीय बांग्लादेश व सटे हुए पश्चिम बंगाल के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण पश्चिम मानसून ने जोर पकड़ लिया है।