मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इसकी जानकारी उत्तर और उत्तर-पश्चिम राज्यों में हुई भारी बारिश के बाद दी है।
दिल्ली में अगले तीन दिनों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। विभाग ने बताया कि तय समय सीमा से पहले ही मानसून पूरे भारत में पहुंच चुका है जो कि आमतौर पर हर साल 15 जुलाई तक दस्तक देता है।
मौसम विभाग ने शनिवार तक जिन 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है उनमें उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी मध्य प्रदेश, उत्तरी गुजरात, तटीय और दक्षिणी कर्नाटक, महाराष्ट्र का कोंकण, गोवा, केरल, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना शामिल हैं।
अमरनाथ यात्रा रोकी गई
जम्मू-कश्मीर में मानसून की दस्तक के साथ ही शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा रोक दी गई। बीते दो दिन में यात्रा को दो बार रोका गया। बालटाल और पहलगाम, दोनों ही मार्गों पर फिसलन हो गई थी जिसकी वजह से यात्रा को बीच में ही रोक दिया गया था।
मनाली-लेह मार्ग बंद
हिमाचल में भी मानसून सक्रिय है मैदानी इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। हिमाचल में मढ़ी के पास पहाड़ी धंसी गई तो वहीं मनाली-लेह मार्ग बंद किया गया है। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और चंबा में बारिश-भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है।