प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गोवा में कथित तौर पर जमीन हड़पने व धोखाधड़ी केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कई ठिकानों पर छापेमारी की है।
ईडी ने शनिवार को बताया कि कोमुनिडेड ऑफ सेरुला के पूर्व अटॉर्नी ऐजेलो सी लोबो, उनके भाई आर लोबो, सेरुला के पूर्व अधिकारी जोसेफ डीसा और पूर्व क्लर्क राकेश सुहास वेरनकर के ठिकानों की तलाशी ली गई। ईडी ने अवैध तरीके से प्लाट का आवंटन और गोवा में कोमुनिडैड ऑफ सेरुला की जमीन का अवैध अधिग्रहण करने के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत यह कार्रवाई की।कोमुनिडैड पुर्तगालियों के समय की सामुदायिक संस्था है, जिसकी राज्य भर में जमीन है।
ईडी के मुताबिक, छापे के दौरान 1960 के दशक के खाली भारतीय स्टांप पेपर, पुर्तगाली स्टांप वाले पुराने खाली पेपर और भूमि के अवैध अधिग्रहण को इस्तेमाल की गई सेल डीड जब्त की गई है। इसके अलावा कोमुनिडैड से जुड़े पुराने रजिस्टरों को भी जब्त किया गया है। ईडी ने गोवा पुलिस की एफआईआर के आधार पर मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था।