क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां की जिंदगी आठ महीने में बदल गई। इस उतार चढ़ाव वाले आठ महीने में हसीन ने अपनी महत्वाकांक्षा मरने नहीं दी। पहले पति से विवाद हुआ फिर चार साल बाद वह मॉडलिंग की दुनिया में लौट आईं।
अब उनकी सियासत की महत्वाकांक्षा को पर लगे हैं। सियासत का रंग उन पर कितना चढ़ेगा, ये आने वाला वक्त बताएगा। हसीन जहां ने छह मार्च को अपने आफिसियल फेसबुक एकाउंट पर व्हाट्सएप चैटिंग की स्क्रीन शार्ट और फोटो पोस्ट करके एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स का आरोप लगाकर टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की जिंदगी में भूचाल ला दिया था।
यहीं नहीं हसीन ने शमी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ कोलकाता में रिपोर्ट भी दर्ज कराई। तब से दोनों के बीच विवाद चल रहा है। लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकल सका है। शमी से विवाद के बाद भी हसीन जहां ने अपनी महत्वाकांक्षा को मरने नहीं दिया।
इन विवादों के बीच जून में हसीन जहां ने मॉडलिंग की दुनिया में वापसी कर ली। हसीन जहां ने मुंबई के डिजाइनर के लिए फोटो शूट कराकर दोबारा मॉडलिंग शुरू कर दी। यही नहीं मुंबई को अपना ठिकाना बना लिया। अब मॉडलिंग के बाद सियासत के मैदान में उतर गई हैं। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही हसीन ने अपनी आगे की महत्वाकांक्षा को जताया दिया है।
अमरोहा की सियासत में मची हलचल
अमरोहा। हसीन जहां के कांग्रेस में शामिल होने साथ ही अमरोहा की सियासत में भी हलचल मच गई है। वजह साफ है, आगामी लोकसभा चुनाव सिर पर है। ऐसे में जिले के सियासी धुरंधर अभी से गुणा भाग करने में जुट गए हैं। कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद चुनाव मैदान में आने की भी चर्चाएं अभी से शुरू हो गई है।