खाद कारखाना परिसर में 22 जुलाई को होने वाली प्रधानमंत्री की रैली भाजपाइयों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। कई दिनों से लगातार बारिश होने से व्यवस्था में खलल पड़ रहा है। यदि मौसम का यही हाल रहा तो भीड़ के लिए सभा स्थल तक पहुंचना आसान नहीं होगा।
विधानसभा चुनाव के संभावित दावेदारों को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि भाजपा नेताओं का दावा है कि आंधी आए या तूफान, लोग पीएम को सुनने आने को तैयार हैं। प्रधानमंत्री की रैली को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पर भाजपा नेता रैली की सफलता को लेकर निश्चिंत हैं।
इसके लिए पूरे गोरखपुर क्षेत्र में कमेटियों का गठन कर दिया गया है। हर जिले से कम से कम दो सौ बड़ी बसें आएंगी। हर विधानसभा से तीन सौ से चार सौ छोटी गाड़ियों को लाने की व्यवस्था की गई है। रणनीतिकारों का कहना है कि नजदीक के जनपदों से भारी संख्या में दो पहिया वाहनों से भी कार्यकर्ता आएंगे।
महानगर में एक हजार से अधिक टैंपो को भी बुक किया गया है। रैली स्थल से पांच किलोमीटर की परिधि में रहने वालों को पैदल आने को तैयार किया जा रहा है। मौसम को देखते हुए बड़े वाहनों को रैली स्थल से थोड़ी दूर पिच रोड पर खड़ा किया जाएगा, जबकि छोटे वाहनों को रैली के नजदीक तक जाने की व्यवस्था की गई है।