देश-दुनिया की सैर करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गाड़ी के मामले में गरीब हैं। पीएम के पास अपना कोई निजी वाहन नहीं है। हालांकि मोदी को सोने की अंगूठी का बेहद शौक है। मगर अपने मंत्रियों से वे इस मामले में कमजोर हैं। मोदी के पास 1,27,645 रुपये कीमत की सोने की 4 अंगूठी हैं। मोदी ने वर्ष 2015—16 की अपनी चल अचल संपत्ति का ब्योरा देते हुए बताया है कि उनकी कुल संपत्ति 73,36,966 रुपये है। इसमें भी उन पर सरस्वती की मेहरबानी है। उनकी इस चल अचल संपत्ति में 12,35,790 रुपये किताब की रॉयल्टी से मिले हैं।
विज्ञापन
वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 5,21,54,750 रुपये की संपत्ति की मालकिन हैं। मगर उनके पति स्वराज कौशल उनसे बेहद अमीर हैं। सुषमा ने अपने पति की चल अचल संपत्ति 20,97,86,711 रुपये की बताई है। सुषमा ने शेयर बाजार में भी कोई धन निवेश नहीं किया है।
वित्त मंत्री अरुण जेटली के पास 2 मर्सिडीज, एक होंडा एकॉर्ड और एक टोयोटा फार्च्यूनर है। जेवरात भी इनके पास भरपूर हैं। जेटली के पास 1,86,17,520 रुपये के जेवरात हैं। बैंक में उनका 1,00,20,247 रुपये है तो तमाम कंपनियों में उनके 17,00,00,000 रुपये हैं। अपने पास में उन्होंने 6,52,94,000 रुपये बतौर नकद रखा है। हालांकि इतना अमीर होने के बावजूद भी जेटली कर्जदार हैं। 9,34,03,330 रुपये उन्होंने ऋण और एडवांस के रूप में गिनाए हैं।
शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू के पास न अपना घर है न गाड़ी
वेंकैया नायडु
- फोटो : pti
शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू के पास अपना न घर है न गाड़ी। बावजूद इसके उन्होंने अपनी पत्नी को 26,05,000 रुपये बतौर कर्ज दिए हैं। मोदी के मंत्रियों में जेवरात की सबसे शौकीन मेनका गांधी हैं। मेनका के पास 85 किलो चांदी और 3,41 किलो सोना है। उन्होंने अपने जेवरातों की कीमत 1,24,66,050 रुपये बताई है। बैंक और नकद रुपये में उन्होंने अपनी रकम 1,71,78,386 रुपये बताई है। तो 7,97,05,263 रुपये की केवल फिक्स डिपाजिट है। म्यूच्युअल फंड में उन्होंने 4,90,62,503 रुपये लगाए हैं। तो पीपीएफ में 1,51,900 रुपये हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने अपनी संपत्ति का ब्योरा देते हुए बताया है कि उनके पास दो हथियार हैं। गहलोत के पास एक रिवाल्वर 32 बोर की है, तो उनकी दूसरी बंदूक 315 बोर की है। पीएमओ में राज्यमंत्री का दायित्व निभा रहे जितेंद्र सिंह ने अपने पास 40 तोला आभूषण बताए हैं। तो कार के नाम पर उनके पास केवल 2007 माडल की एक मारुति सुजुकी है। हालांकि उनकी पत्नी के पास 2010 मॉडल की शेवरले ओक्टाविया है। दक्षिण भारत के नुमाइंदगी की तौर पर सरकार में शामिल राज्य मंत्री पी राधाकृष्णन ने अपनी चल अचल संपत्ति 6,92,66,986 रुपये की बताई है।
केवल 12 मंत्रियों ने ही दिया संपत्ति का ब्योरा
मोदी के साथ कदम ताल मिलाते हुए अभी सरकार के केवल 12 मंत्रियों ने ही अपनी संपत्ति के सालाना ब्योरे का खुलासा किया है। गृहमंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और रक्षामंत्री मनोहर परिकर के साथ रेल मंत्री सुरेश प्रभु के अपनी संपत्ति का ब्योरा देने का इंतजार है। 27 में से महज 8 कैबिनेट मंत्रियों ने अपने आय-व्यय ब्यौरे की जानकारी पीएमओ को भेजी है। जेटली, सुषमा के अलावा वेंकैया नायडू, रामविलास पासवान, प्रकाश जावडेकर, मेनका गांधी, थावरचंद गहलोत और डीवी सदानंद गौड़ा ने अपनी संपत्ति का खुलासा कर दिया है। तो राज्यमंत्रियों में जितेंद्र सिंह, पी राधाकृष्णन, वाईएस चौधरी और डा सुभाष रामाराव भामरे ने अपनी संपत्ति का ब्योरा घोषित किया है।