सहारनपुर में रविवार को बसपा की चुनावी रैली में मायावती ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। मायावती ने कहा, मोदी सरकार आरएसएस के एजेंडे पर चलते हुए आरक्षण की समीक्षा कर उसे निष्प्रभावी करने के प्रयास में है। यह सरकार दलितों, किसानों की हितैषी नहीं है। लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी ने गरीबों को कम दामों में राशन देने का वादा किया था लेकिन, इसके उलट उन्होंने गैस, पेट्रोल और रोजमर्रा की जरूरतों के सामान को महंगा कर दिया। जनता इस महंगाई की मार से त्रस्त आ चुकी है। मोदी का कहा अच्छा दिन अब बुरे दिन में बदल गया है।
मायवती ने कहा कि मोदी सिर्फ उद्योगपतियों और पूंजीपतियों की सेवा में लगे हैं क्योंकि वो इनकी ही वजह से केंद्र की सत्ता में आए हैं। यही वजह है कि वह इन पूंजीपतियों के बैंक से लिए हजारों- करोड़ों के कर्ज को माफ कर देते हैं। मायावती ने कहा कि मैं मोदी सरकार से पूछना चाहती हूं कि वो किसानों के बैंक से लिए गए कर्ज को क्यों नहीं माफ करते है? मामूली रकम के लिए किसान को इतना परेशान किया जाता है कि वो आत्महत्या कर लेता है।
मायावती ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोदी सरकार की सभी नीतियां अमीरों के हितों में है। 15 लाख का उनका वादा भी पूरी तरह से खोखला साबित हुआ है। एक भी गरीब को अब तक फूटी कौड़ी नहीं मिली है। जनता इन झूठे वादों के लिए आगामी चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगी।