प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों से खुफिया सूचना की साझेदारी के तंत्र को मजबूत करने को कहा है। शनिवार को दिल्ली में 10 साल के अंतराल के बाद बुलाई गई इंटर स्टेट काउंसिल बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्यों को मिलकर ही आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों से लड़ना होगा।
इसके लिए पूरे तंत्र को चौकस और सूचनाओं से लैस रहने की जरुरत है। नरेंद्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री पहली बार सभी मुख्यमंत्रियों से एक मंच पर मिले हैं।
1990 में इंटर स्टेट काउंसिल के गठन के बाद यह 11वीं बैठक थी। सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उप राज्यपाल और केंद्र के 17 मंत्री इस काउंसिल के सदस्य हैं। दिनभर चली इस बैठक में आंतरिक सुरक्षा और सब्सिडी के सीधे खाते में ट्रांसफर और जीएसटी पर अहम विचारों का आदान प्रदान हुआ।