नवी मुंबई के एक गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, मोबाइल लोन की किस्तें न चुकाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने 23 वर्षीय परिचित की हत्या कर दी। शव को झाड़ियों में फेंक दिया। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, यह घटना पिछले हफ्ते हुई थी। आरोपी की पहचान नवी मुंबई के पनवेल निवासी प्रतीक मोहन जाधव (30) के रूप में हुई है, जिसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। नवी मुंबई के सहायक पुलिस आयुक्त मयूर भुजबल ने बताया कि पीड़ित, ठाणे शहर के कोपरी निवासी प्रतीक दिलीप अंबावले ने लोन पर दो मोबाइल फोन खरीदे थे, जिनके लिए जाधव गारंटर था। अंबावले इन फोनों की किस्तें नहीं चुका पाया था।
जांच से क्या पता चला?
अंबावले 9 नवंबर को लापता हो गया था, जिसके बाद कोपरी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। उसके फोन रिकॉर्ड की जांच से पता चला कि उसकी आखिरी लोकेशन पनवेल तालुका के उसारली गांव के पास थी। जांचकर्ताओं को पता चला कि उसे जाधव के फोन से 22 कॉल आए थे, जिसे सोमवार को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?
पूछताछ के दौरान, जाधव ने पुलिस को बताया कि वह और अंबावले 8 नवंबर की रात करीब 1 बजे पनवेल रेलवे स्टेशन पर मिले और शिवकर गांव गए। उसने बताया कि उसने अंबावले से उस लोन के बारे में बात की, जिसकी किस्तें न चुकाने के कारण रिकवरी एजेंट उसे परेशान कर रहे थे। बहस के दौरान अंबावले ने उसे लात मारी। अधिकारी ने बताया कि गुस्से में आकर जाधव ने चाकू निकाला और अंबावले की हत्या कर दी।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने शव को पास की झाड़ियों में छिपा दिया। खून से सने हथियार को पीड़ित के काले बैग में रखा और वहां से भागने से पहले बैग को शिवकर-ओएनजीसी रोड पर एक पुल के नीचे फेंक दिया।
इस जानकारी के आधार पर, पुलिस ने शिवकर में एक स्कूल के पीछे नाले के पास झाड़ियों से अंबावले का सड़ा-गला शव बरामद किया। परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। अधिकारी ने बताया कि पनवेल सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।