कर्नाटक में हिजाब का मुद्दा तूल पकड़ने के बाद अब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। बिना अनुमति लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाने पर महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के नेता महेंद्र भानुशाली के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कार्रवाई करते हुए रविवार को पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। साथ ही उन पर जुर्माना भी लगाया गया है।
गौरतलब है कि शनिवार राज ठाकरे ने चेतावनी देते हुए कहा था कि लाउडस्पीकर हटाओ वरना मस्जिद के सामने लाउडस्पीकर लगाएंगे और हनुमान चालीसा बजाएंगे।
घाटकोपर में लाउडस्पीकर लगाकर बजाई गई हनुमान चालीसा
उनके बयान के ठीक बाद एक दिन बाद घाटकोपर में मनसे कार्यकर्ताओं ने पेड़ों के ऊपर लाउडस्पीकर लगा कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। मनसे कार्यकर्ता महेंद्र भानुशाली ने अपने ऑफिस के ऊपर स्पीकर को लगाया था। आज से ही रमजान के महीने की शुरुआत भी हुई है. इसलिए मौके पर पुलिस भी तैनात है।
मनसे नेता मनसे नेता महेंद्र भानुशाली पर हुई कार्रवाई
इसको लेकर रविवार को मनसे नेता महेंद्र भानुशाली के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस ने मेरा एम्पलीफायर ले लिया है, लेकिन मैं यह कहना चाहूंगा कि आने वाले समय में लाउडस्पीकरों पर जय श्री राम बजाया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जहां भी लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया जाता है कोई अनुमति नहीं लेता है। इसलिए सिर्फ मेरे खिलाफ यह कार्रवाई क्यों की गई। उन्होंने कहा कि अगर मेरे खिलाफ कार्रवाई की गई है तो सभी पर कार्रवाई की जानी चाहिए। मनसे नेता महेंद्र भानुशाली ने आगे कहा कि पुलिस ने अपना काम किया। पुलिस से उनकी कोई शिकायत नहीं है।
मुंबई पुलिस ने लगाया जुर्माना
घाटकोपर छोड़ने के बाद मनसे नेता महेंद्र भानुशाली ने कहा कि उस दिन राज ठाकरे साहब ने सड़क पर हनुमान चालीसा बजाने की चेतावनी दी थी। जिसके बाद मैने हनुमान चालीसा बजाई। जिसके बाद पुलिस ने आकर हमसे कहा कि ऐसा न करें क्योंकि इससे दुश्मनी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने मुझ पर 5,050 रुपये का जुर्माना लगाया और नोटिस दिया कि अगर मैं इसे फिर से बजाऊंगा, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेरे लाउडस्पीकर बाद में दिए जाएंगे। इस दौरान महेंद्र भानुशाली ने आरोप लगाया कि एमवीए सरकार ने मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर को लेकर कार्रवाई नहीं की तो मस्जिदों के सामने बड़े-बड़े लाउडस्पीकरों पर हनुमान चालीसा बजाई जाएगी।
शनिवार को राज ठाकरे ने दी थी चेतावनी
दरअसल, शनिवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने गुड़ी पड़वा के अवसर पर रैली को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि मैं नमाज के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन सरकार को मस्जिद के लाउडस्पीकर हटाने पर फैसला लेना चाहिए। मैं अभी चेतावनी दे रहा हूं। लाउडस्पीकर हटाओ वरना मस्जिद के सामने लाउडस्पीकर लगाएंगे और हनुमान चालीसा बजाएंगे।
जाति में बंटेंगे तो हिंदू कैसे बनेंगे
मुंबई रैली में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने एनसीपी चीफ शरद पवार हमला बोलते हुए कहा था कि शरद पवार ने जातिवाद बढ़ाया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने राज्य में लोगों को जाति के आधार पर बांट दिया। अगर जाति की राजनीति से बाहर नहीं निकले तो हिंदू कैसे बनेंगे।
उद्धव और पवार पर बरसे
इस दौरान राज ठाकरे ने शिवसेना पर साल 2019 के विधानसभा चुनाव में गद्दारी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, मतदाताओं ने शिवसेना को एनसीपी और कांग्रेस के साथ गठबंधन के लिए वोट नहीं किया था। राज ने कहा, चुनाव परिणाम के बाद उद्धव समझ गए थे कि शिवसेना के बिना किसी की सरकार नहीं बनेगी इसलिए ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद मांगने लगे थे।