इस रेल मार्ग में कुल 48 सुरंगें (12.8 किमी), 55 बड़े और 87 छोटे पुल बने हैं। खास बात यह है कि पुल संख्या 196 की ऊंचाई 104 मीटर है, जो दिल्ली के कुतुब मीनार से भी ऊंचा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने मिजोरम को एक ऐतिहासिक तोहफा देने जा रहे हैं। वे 13 सितंबर को बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे, जिससे राज्य की राजधानी आइजोल पहली बार भारतीय रेल नक्शे से जुड़ जाएगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री लालदूहोमा ने दी।
विज्ञापन
सीएम ने मिजोरम पुलिस सर्विस एसोसिएशन के एक सम्मेलन में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 12 सितंबर को आइजोल पहुंचेंगे और रात वहीं ठहरेंगे। अगले दिन वे नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे। लालदूहोमा ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस दौरे को लेकर चर्चा की है। सैरांग रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा और यहां से राजधानी एक्सप्रेस सेवा भी चलाई जाएगी।
करीब 51.38 किलोमीटर लंबी रेल परियोजना केंद्र की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उत्तर-पूर्व में संपर्क और आर्थिक एकीकरण को मजबूत करना है। नई लाइन आइजोल को असम के सिलचर और वहां से पूरे देश से जोड़ देगी। इंजीनियरों ने इसे एक तकनीकी चमत्कार करार दिया है। इस रेल मार्ग में कुल 48 सुरंगें (12.8 किमी), 55 बड़े और 87 छोटे पुल बने हैं। खास बात यह है कि पुल संख्या 196 की ऊंचाई 104 मीटर है, जो दिल्ली के कुतुब मीनार से भी ऊंचा है। इस परियोजना से मिजोरम को देश के मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ पूर्वोत्तर में व्यापार और पर्यटन को भी नया आयाम मिलने की उम्मीद है।