|
मिजोरम में आम जनता के लंबे चले प्रदर्शन के बाद आखिरकार मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस बी शशांक को हटा दिया गया। उनकी जगह आशीष कुंद्रा ने ली है। इसे आने वाले चुनाव में पारदर्शिता बनाए रखने के बड़े कदम के तौर पर देखा जा रहा है। आम लोगों ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एस बी शशांक पर मिजोरम विरोधी होने और राज्य में दशकों तक शांतिपूर्ण चुनाव कराने के रिकॉर्ड को बिगाड़ने का आरोप लगाया है। उन पर मिजोरम में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान करने के लिए त्रिपुरा के राहत शिविरों में रह रहे ब्रू समुदाय के मतदाताओं को कथित तौर पर गलत ढंग से सुविधा प्रदान करने की कोशिश करने का आरोप भी है। निर्वाचन आयोग ने यहां नागरिक समाज समूहों के भारी विरोध को देखते हुए शशांक की जगह आशीष कुंद्रा को मिजोरम का मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) बनाया है। जनता के प्रदर्शन के बाद चुनाव आयोग ने एक वरिष्ठ अधिकारी को बातचीत के लिए भी भेजा था। मंगलवार को हजारों की संख्या में लोग मिजोरम की राजधानी आइजोल में शशांक के दफ्तर के बाहर इकट्ठा हुए। वो 28 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले उन्हें हटाने की मांग कर रहे थे। जिसके बाद चुनाव आयोग की एक टीम मिजोरम एनजीओ संयोजन कमेटी से मिली। इस टीम में झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल खियांग्ते, चुनाव आयोग निदेशक निखिल कुमार और चुनाव आयोग सचिव एसबी जोशी शामिल रहे।
|