पाकिस्तान ने गुरुवार को आरोप लगाया कि नौ मार्च को भारत की तरफ से एक सुपरसोनिक प्रोजेक्टाइल (फ्लाइंग ऑब्जेक्ट) फायर किया गया था, जो उसके क्षेत्र में 124 किमी अंदर उतरी। पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मोईद युसुफ ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर इस संवेदशनील घटना की जांच की मांग की है। पाकिस्तान के आरोप पर भारत ने अपना पक्ष साफ करते हुए इस घटना पर खेद जताया है।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से मिसाइल फायर हो गई थी। भारत ने इस पर खेद जताया है और कहा है कि इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मिसाइल हरियाणा के सिरसा से छोड़ी गई थी जो सूरतगढ़ के रास्ते पाकिस्तान की सीमा में शाम करीब 6.43 बजे 124 किलोमीटर अंदर जाकर गिरी।
राहत की बात यह भी है कि हादसे में किसी की जान नहीं गई है। हालांकि इस तरह मिसाइल परीक्षण का गलत हो जाना, सीमा पार पहुंच जाना और अनजाने में ट्रैक बदल लेना असाधारण बात है।