आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले में बदमाशों ने मोबाइल फोन से भरे ट्रक को लूट लिया है। अज्ञात लुटेरों ने हाइवे पर ट्रक ड्राइवर को पीटा और माल लेकर भाग गए। बताया जा रहा है कि ट्रक में रखे मोबाइल फोनों की कीमत एक करोड़ रुपये थी।
पुलिस के मुताबिक, "मोबाइल से भरा हुआ ट्रक नेल्लोर के श्री सिटी से कोलकाता की तरफ जा रहा था। सुबह के वक्त यह घटना तब हुई जब ड्राइवर ने आराम करने के लिए ट्रक को हाइवे के किनारे रोका। उसी वक्त 4 की संख्या में बदमाश आए और उन्होंने ड्राइवर को पीटने के बाद उसे पेड़ से बांध दिया।"
पुलिस ने आगे बताया, "यह घटना जिले के दगादार्थी गांव के पास के हाइवे पर हुई है। ट्रक में शिओमी कंपनी के मोबाइल फोन थे, जिनकी कीमत एक करोड़ रुपये थी। बदमाशों ने गोवरावरम गांव के पास गाड़ी को रोका और किसी दूसरे ट्रक में सभी मोबाइल फोन को ट्रांसफर कर दिए और फिर निकल गए। सुबह होने पर जब लोगों ने ट्रक ड्राइवर को पेड़ से बंधे देखा तो पुलिस को घटना की सूचना दी।"
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस लुटेरों का सुराग ढूंढ रही है। पुलिस का कहना है कि लूट पूरी योजना के साथ की गई थी। इस घटना में कंपनी के किसी आदमी का हाथ होने की संभावना से भी इनकार किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि ट्रक में रखे मोबाइल फोन की कीमत 6 हजार रुपये से 14 हजार रुपये के बीच थी। इस मामले में लूटा का केस दर्ज कर लिया गया है।