जलशक्ति मंत्रालय ने देश के 6,28,221 गांवों को 2040 तक बिना रोक-टोक पानी की आपूर्ति के लिए कार्य योजना तैयार कर ली है। इसके तहत जलशक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की विशेष तकनीकी समिति ने पेयजल के लिए तीन नई तकनीकों और स्वच्छता के लिए दो तकनीकों पर काम शुरू किया है। इनका इस्तेमाल कर अब 24 घंटे सातों दिन जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इन तकनीकों की मदद से ग्रामीण जल समितियां स्थानीय स्तर पर पानी की उपलब्धता के साथ उसका प्रबंधन और गुणवत्ता को भी सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा घरों से निकलने वाले सीवेज को ट्रीट करने के लिए एक प्रौद्योगिकी एफबी टेक तैयार किया गया है जो फिक्सड फिल्टर मीडिया का प्रयोग करते हुए किसी भी स्थान पर लगाया जा सकता है। मंत्रालय के मुताबिक जल जीवन मिशन के तहत देश के 19.04 करोड़ ग्रामीण घरों में से 3.23 करोड़ घरों में नल लग चुके हैं।
सात महीनों में 80 लाख से ज्यादा कनेक्शन दिए गए। बचे हुए 15.81 करोड़ घरों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने के लिए मिशन के तहत लगातार काम किया जा रहा है, ताकि 2024 तक समयबद्ध तरीके से 16 करोड़ घरों को नलों से जोड़ा जा सके। इसके अलावा पहले से उपलब्ध कनेक्शनों को सक्रिय करते हुए इन्हें बनाए रखने के लिए भी अलग से कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।