दोनों नेताओं ने मौजूदा ब्रिटिश-भारत टीका साझेदारी को बढ़ाने व ज्यादा फैलाने पर भी सहमति जताई।मंत्रालय ने कहा कि मोदी और जॉनसन ने टेलीकम्युनिकेशंस पर नए भारत-ब्रिटिश एमओयू पर हस्ताक्षर का स्वागत किया।
केंद्रीय विज्ञान व तकनीकी मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके ब्रिटिश समकक्ष बोरिस जॉनसन ने परिवर्तनकारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर सहमति जताई है और अगले 10 साल के लिए आपसी सहयोग में तेजी लाने को महत्वाकांक्षी रोडमैप-2030 को स्वीकार किया है। दोनों नेताओं के बीच 4 मई को आयोजित वर्चुअल बैठक से आपसी सहयोग मजबूत हुआ है।
विज्ञापन
मंत्रालय ने कहा कि मोदी और जॉनसन ने टेलीकम्युनिकेशंस पर नए भारत-ब्रिटिश एमओयू पर हस्ताक्षर का स्वागत किया और डिजिटल व तकनीक पर संयुक्त घोषणा करने, तकनीक पर नई उच्चस्तरीय वार्ता की शुरुआत करने, कोविड-19 (कोरोना संक्रमण) महामारी में नई संयुक्त रैपिड जांच के लिए निवेश करने, प्राणीजन्य रोगों पर शोध को सहयोग के लिए नई साझेदारी करने, मौसम व जलवायु विज्ञान में एडवांस रिसर्च में निवेश करने तथा ब्रिटिश-भारत शिक्षा व शोध पहल (यूकेआईईआरआई) को जारी रखने पर सहमति जताई।
दोनों नेताओं ने मौजूदा ब्रिटिश-भारत टीका साझेदारी को बढ़ाने व ज्यादा फैलाने पर भी सहमति जताई। दोनों ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी व एस्ट्राजेनेका की तरफ से विकसित कोरोना टीके का उत्पादन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में होने का उदाहरण दिया और कहा कि यह टीका ब्रिटेन में विकसित हुआ, भारत में बना और पूरे विश्व में बांटा गया।