अनलॉक चार के तहत सात सितंबर से मेट्रो की शुरुआत होने वाली है। वहीं रेलवे ने भी ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। रेल मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि वो और अधिक विशेष ट्रेनों पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकारों से सलाह मशविरा किया जा रहा है।
कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मार्च के आखिर से यात्री ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। वर्तमान में रेलवे 230 स्पेशल ट्रेनें संचालित कर रहा है, जिनमें से 30 राजधानी हैं। बता दें कि आने वाले महीनों में दशहरा, दीपावली, छठ पूजा जैसे कई त्योहार आने वाले हैं, जिनमें यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा बढ़ जाती है। सीमित ट्रेन संख्या की वजह से लोगों को आवाजाही में दिक्कत न हो इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ज्यादा विशेष ट्रेनों का संचालन करने पर विचार कर रहा है।