केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को साफ किया है कि नगा उग्रवादी समूहों से वार्ता अभी अंतिम दौर में नहीं पहुंची है और इसे अंतिम रूप दिए जाने से पहले वार्ता के बाकी पक्षकारों असम, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश से भी मशविरा किया जाएगा।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी बयान में उन अफवाहों का खंडन किया गया है, जिनमें नगा समझौते के अंतिम दौर में पहुंचने और जल्द ही इसका एलान किए जाने की बात कही जा रही थी। मंत्रालय ने कहा, सोशल मीडिया पर चल रही ऐसी गलत खबरों की वजह से देश के कुछ हिस्सों में चिंता का माहौल पैदा हो गया है।
बयान में कहा गया है कि नगा समझौते को अंतिम रूप देने से पहले सभी संबंधित पक्षों असम, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश को साथ में लिया जाएगा। नगालैंड में सात दशक पुरानी उग्रवाद समस्या के अंतिम समाधान निकालने के लिए 29 अक्तूबर को हुई वार्ता में गतिरोध बरकरार रहा। केंद्र सरकार के वार्ताकार और राज्यपाल आरएन रवि ने एनएससीएन-आईएम और सात संगठनों के शीर्ष संगठन के साथ अलग-अलग बातचीत की है।