कोरोना जांच करता स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : पीटीआई
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि सात मई के बाद से कोरोना के नए मामलों में कमी आ रही है। स्थिति यह है कि सात से 31 मई के बीच 69 फीसदी नए मामलों में कमी दर्ज की गई है। वहीं जिलों की बात करें तो फिलहाल 295 जिलों ही संक्रमण अधिक है और यहां नए मामले लगातार कम हो रहे हैं। अगले एक से दो सप्ताह में इन जिलों में और अधिक सुधार की स्थिति देखने को मिलेगी।
मंत्रालय के मुताबिक, 531 जिलों में अप्रैल 28 से चार मई तक रोजाना 100 से ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे थे। जबकि 24 मई के बाद 295 जिलों में ही यह स्थिति देखने को मिल रही है। ठीक इसी तरह 10 मई के बाद से सक्रिय मामलों में 18 लाख से ज्यादा की कमी देखी गई है। यानी बीते तीन सप्ताह में सक्रिय मरीजों की संख्या में 50 फीसदी कमी आई है। इसी अवधि में कोरोना की जांच भी प्रतिदिन 20 लाख से अधिक हुई है।
मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव कुमार अग्रवाल ने बताया कि 21 अप्रैल के बाद देश में सबसे कम संक्रमण दर 6.62 फीसदी बीते सोमवार को दर्ज की गई है। 30 राज्यों में एक हफ्ते तक मामले लगातार कम हुए हैं। 28 मई के बाद से देश में कोरोना के नए मामले दो लाख से कम दर्ज किए जा रहे हैं। संयुक्त सचिव ने यहां तक बताया कि 32 राज्यों में फिलहाल नए मामले कम हो रहे हैं और रिकवरी तेजी से बढ़ रही हैं।
स्थिति यह है कि बीते तीन मई के बाद से रिकवरी लगातार बढ़ती जा रही है और यह 92 फीसदी तक पहुंच चुकी है। पिछले वर्ष जब कोरोना की पहली लहर देखने को मिली थी तब पीक गुजरने के बाद रिकवरी दर 97 फीसदी तक पहुंच चुकी थी।
आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 344 जिले ऐसे हैं जहां रोजाना पांच फीसदी या उससे कम सैंपल कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। जबकि बीते सात मई तक ऐसे जिलों की संख्या 92 थी। इससे पता चलता है कि जिला स्तर पर काफी तेजी से महामारी को नियंत्रण में लाने का काम किया जा रहा है।