सुप्रीम कोर्ट ने खनन घोटाले में आरोपी कर्नाटक के पूर्व मंत्री जी जनार्दन रेड्डी को बीमार ससुर का हाल जानने के लिए बेल्लारी जाने की इजाजत दे दी है। शुक्रवार को रेड्डी की याचिका पर जस्टिस इंदिरा बनर्जी और अजय रस्तोगी की अवकाशपीठ ने सुनवाई की। रेड्डी ने याचिका में कहा था कि उनके ससुर बेल्लारी स्थित अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं।
जनवरी 2015 में शीर्ष अदालत ने तीन साल जेल में रहने के बाद रेड्डी को जमानत दी थी। साथ ही उन्हें कर्नाटक स्थित उनके गृहनगर बेल्लारी और आंध्र प्रदेश में अनंतपुर व कडपा न जाने के निर्देश भी दिए थे। शुक्रवार को अवकाशपीठ ने 35 हजार करोड़ रुपये के घोटाले में आरोपियों के खिलाफ पिछले छह सालों में आरोप तय न होने पर चिंता भी जाहिर की। इस मामले में जनार्दन रेड्डी और उनके बहनोई बी वी श्रीनिवास रेड्डी को बेल्लारी में सीबीआई ने सितंबर 2011 में गिरफ्तार किया था।