भारत को कोरोना के मोर्चे पर बहुत बड़ी हासिल कर ली है। बृहस्पतिवार को केरल के त्रिशूर में कोरोनावायरस से पीड़ित तीसरी रोगी को भी गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी मिल गई। इससे पहले बुधवार को वुहान से लाकर दिल्ली के दो विशेष केंद्रों में रखे गए लोगों के आखिरी जत्थे को भी घर भेज दिया गया था। इनमें से कोई नेगेटिव नहीं पाया गया था। दिल्ली के छावला स्थित आईटीबीपी शिविर में रखे गए कोरोना के संदिग्ध पीड़ितों की सेवा करने वाले सफाई कर्मियों, बावर्चियों, डॉक्टरों और उनके स्टाफ को एक कार्यक्रम में आईटीबीपी महानिदेशक एसएस देशवाल ने सम्मानित किया।
कोरोनावायरस के प्रकोप को देखते हुए एयर इंडिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि चीन के लिए उसकी उड़ानें 30 जून तक निलंबित रहेंगी। सरकारी विमानन कंपनी ने पिछले महीने दिल्ली-शंघाई की उड़ानों को 31 जनवरी से 14 फरवरी तक निलंबित कर दिया था। अब इस अवधि को जून तक बढ़ा दिया है।
इसके अलावा एयर इंडिया ने कोरोनावायरस के खतरों के मद्देनजर हांगकांग की उड़ानों को भी निलंबित किया था। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों मार्गों, दिल्ली-शंघाई और दिल्ली-हांगकांग के लिए विमान का परिचालन 30 जून तक बंद रहेगा। आगे चीन की परिस्थितियों और जोखिमों के आकलन के बाद परिचालन बहाल करने पर फैसला किया जाएगा।
इससे पहले निजी क्षेत्र की विमानन कंपनी इंडिगो और स्पाइसजेट ने भारत व चीन के बीच अपनी उड़ानों को निलंबित किया था। विमानन कंपनियों ने यह फैसला चीनी प्रशासन की उस पहले के बाद लिया है, जिसमें कहा गया था कि किसी भी नागरिक पर चीन से बाहर जाने पर पाबंदी है।
बृहस्पतिवार को जापान के योकोहोमा तट पर कोरोनावायरस संक्रमण के चलते खड़े पर्यटक जहाज डायमंड प्रिंसेज में सवार एक और भारतीय में संक्रमण पाया गया है। इसके साथ ही जहाज पर संक्रमित भारतीयों की संख्या आठ हो गई है। हालांकि भारतीय दूतावास का कहना है कि इन आठों मरीजों की हालत में सुधार है। इस जहाज पर 132 क्रू स्टाफ व छह यात्रियों समेत कुल 138 भारतीय सवार थे।
उधर, इस जहाज पर कोरोनावायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद क्वारंटीन सेंटर में रखे गए मरीजों में से दो बुजुर्गों की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया है। मरने वालों में एक पुरुष व एक महिला है। इस जहाज में सवार 3711 लोगों में 634 लोगों में संक्रमण पाया जा चुका है, जो चीन से बाहर संक्रमित लोगों की सर्वाधिक संख्या है।
चीन ने ब्याज दरों में खासी कटौती की है। यह कदम देश की अर्थव्यवस्था को पहुंचे नुकसान का सामना करने की कवायद में उठाया गया है। पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने बताया कि यहां लोन प्राइम रेट 4.15 प्रतिशत था जिसे घटा कर अब 4.05 फीसदी कर दिया गया है।
ईरान में दो मरे
ईरान में कोरोना से दो की मौत हो गई है। इसके साथ ही पश्चिम एशिया में कोरोना से मौत का यह पहला मामला है। इससे पहले चीन के बाहर हांगकांग, फिलीपींस, ताईवान और जापान में कोरोना से लोगों की मौत हो चुकी है। चीन से बाहर संक्रमित लोगों की संख्या 1,100 पहुंच गई है।