गृह मंत्रालय विमानन कंपनी एयर इंडिया के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की पृष्ठभूमि की बारीकी से जांच करेगा। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। बता दें कि टाटा समूह ने जनवरी के अंत में सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। और इल्कर आयजी को एयरलाइन का नया एमडी और सीईओ नियुक्त किया था।
आयजी तुर्की नागरिक हैं। टाटा समूह ने हाल ही में आयजी की नियुक्ति का एलान किया था। सूत्रों ने कहा कि परंपरा के अनुसार भारत में अहम पदों पर नियुक्त होने वाले सभी विदेशी नागरिकों की पृष्ठभूमि का परीक्षण किया जाता है। आयजी के मामले में भी इस परंपरा का नियमों के अनुसार निर्वहन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार आयजी की नियुक्ति के संबंध में गृह मंत्रालय को अभी तक टाटा समूह या नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। मंत्रालय को जैसे ही जानकारी इसकी मिलती है, जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। आयजी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए मंत्रालय देश की विदेशी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) की मदद भी ले सकती है।
बता दें कि इल्कर आयजी तुर्की के वर्तमान राष्ट्रपति रेसप तैयप एर्दोगान के सलाहकार के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। यह बात साल 1994 से 1998 की अवधि के दौरान की है जब एर्दोगान इस्तांबुल के मेयर का पद संभाल रहे थे।
एयर इंडिया के साथ जुड़ने के पहले आयजी साल 2015 से लेकर 2022 की शुरुआत तक तुर्किश एयरलाइन के चेयरमैन भी रहे थे। उन्हें इस एयरलाइन की कायापलट करने का श्रेय दिया जाता है।